पालघर में गुटखे की बड़ी तस्करी का पर्दाफाश; 1.50 करोड़ रुपये का माल जब्त!
मुंबई-अहमदाबाद महामार्ग पर FDA की बड़ी कार्रवाई; चालक और क्लीनर फरार, आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पालघर |
पालघर जिले में प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू की तस्करी के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में करीब 1 करोड़ 30 लाख 86 हजार रुपये कीमत का प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू उत्पाद जब्त किया गया। इसके अलावा माल ढोने वाले टेम्पो की कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह जब्त किए गए माल और वाहन की कुल कीमत 1 करोड़ 50 लाख 86 हजार रुपये है।यह कार्रवाई 9 अक्टूबर को शाम करीब 4:30 बजे मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय महामार्ग पर मनोर पुलिस थाना क्षेत्र के वाडे खडकौना गांव के पास होटल मनोर गेट के सामने की गई। FDA की टीम ने गुजरात की ओर से मुंबई की दिशा में आ रहे एक संदिग्ध टेम्पो को रोककर जांच की। जांच के दौरान उसमें प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू का बड़ा भंडार मिला। कार्रवाई के दौरान टेम्पो का चालक कन्हैयालाल कालूराम गेहलोत (34) और क्लीनर राहुल हिरालाल डेपन (26), दोनों राजस्थान निवासी, मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह माल गुजरात के वापी स्थित शक्ति ट्रेडर्स से लाया गया था और इसे अलग-अलग माध्यमों से लोनावला तक पहुंचाने की योजना थी। इस मामले में माल की खरीद, परिवहन और वितरण से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विश्वासराव प्रकाश भोये की शिकायत पर मनोर पुलिस थाने में आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।इस मामले की आगे की जांच मनोर पुलिस थाने के पुलिस उपनिरीक्षक बालाजी मुंडे कर रहे हैं। प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू उत्पादों की तस्करी के इस मामले में जांच के बाद और भी खुलासे होने की संभावना है। FDA प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित खाद्य और तंबाकू उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
— पालघर नागरिक



