सफाला पुलिस की सतर्कता से नाबालिग लड़की की जान बची, बड़ा हादसा टला
पालघर: सफाला पुलिस स्टेशन की हद में एक नाबालिग लड़की द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की गंभीर घटना सामने आई, जिसे पुलिस की त्वरित और सतर्क कार्रवाई से टाल दिया गया। जानकारी के अनुसार, पारिवारिक कारणों और भावनात्मक तनाव के चलते उक्त लड़की घर से निकल गई थी और आत्मघाती कदम उठाने की स्थिति में थी।
घटना की जानकारी मिलते ही सफाला पुलिस स्टेशन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थानीय नागरिकों की मदद से खोज अभियान शुरू किया। लगातार प्रयासों के बाद लड़की को सुरक्षित ढूंढ लिया गया। राहत की बात यह रही कि उसे किसी भी प्रकार की शारीरिक हानि नहीं हुई। इसके बाद पुलिस द्वारा उसका समुपदेशन (काउंसलिंग) कर उसके मन में चल रहे नकारात्मक विचारों को दूर करने का प्रयास किया गया और सुरक्षित रूप से उसे उसके परिवार के सुपुर्द किया गया।
सफाला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें, उनकी भावनाओं को समझें और समय-समय पर उनका मार्गदर्शन करें। ऐसे मामलों में परिवार और समाज की जागरूकता ही सबसे बड़ा समाधान है।
पालघर नागरिक. संपादक जावेद लुलानिया



