नशे के कारोबार पर ठाणे पुलिस का बड़ा प्रहार; 3 करोड़ से अधिक का चरस और ट्रामाडोल कैप्सूल जब्त
ठाणे |
ठाणे शहर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (मादक पदार्थ विरोधी पथक) ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ 2 लाख 64 हजार 698 रुपये मूल्य का मादक पदार्थ और ट्रामाडोल कैप्सूल जब्त किए हैं। इस मामले में पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक ऐसा आरोपी भी शामिल है जो पूर्व में दो बार सजा भुगत चुका है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में चरस और ट्रामाडोल कैप्सूल की खेप मुंबई की ओर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स सेल ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से लगभग 3 किलो 20 ग्राम चरस तथा 12,748 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए। इसके अलावा नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
जांच में सामने आया है कि यह मादक पदार्थ जम्मू-कश्मीर से लाया गया था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि यह खेप किन क्षेत्रों में सप्लाई की जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस कार्रवाई को ठाणे पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
ठाणे पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई से नशे के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
📌 पालघर का मुद्दा
ठाणे पुलिस की इस धडाकेबाज कार्रवाई के बाद पालघर जिले के नागरिकों में भी उम्मीद जगी है कि इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई पालघर, बोईसर, डहाणू, मनोर और जिले के अन्य क्षेत्रों में भी देखने को मिलेगी। नशे का कारोबार केवल कानून का विषय नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ी के भविष्य का सवाल है। युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं और जागरूक नागरिकों को मिलकर काम करना होगा।
✍️ जावेद लुलानिया, पालघर
चीफ एडिटर –जाग महाराष्ट्र पालघर नागरिक.
“समाज को सुधारना है तो हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। आज नशे, अपराध और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। एक जागरूक समाज ही सुरक्षित और विकसित भविष्य की नींव रख सकता है।”
“हम हमेशा सच दिखाने का साहस करते हैं।”



