ठळक बातम्या

पालघर और बोईसर में नशे के कथित कारोबार पर गंभीर सवाल पुलिस और संबंधित विभागों से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

पालघर नागरिक स्पेशल न्यूज.

पालघर और बोईसर में नशे के कथित कारोबार पर गंभीर सवाल पुलिस और संबंधित विभागों से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

पालघर | दिनांक :12 जून 2026

पालघर शहर, बोईसर तथा विशेष रूप से गांधीनगर क्षेत्र में नशे से संबंधित गतिविधियों को लेकर स्थानीय नागरिकों में लगातार चिंता बढ़ती जा रही है। नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में कथित रूप से ब्राउन शुगर (गरदा), एमडी, गांजा, गुटखा, गावठी दारू, मटका और अन्य अवैध गतिविधियों की शिकायतें लंबे समय से सामने आ रही हैं, लेकिन अपेक्षित स्तर पर कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पालघर के गांधीनगर क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त के लिए आते-जाते दिखाई देते हैं। सबसे अधिक चिंता की बात यह है कि अब युवा, स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएँ भी नशे की गिरफ्त में आने की आशंका व्यक्त की जा रही है। यदि समय रहते इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया, तो इसका गंभीर असर आने वाली पीढ़ी और समाज पर पड़ सकता है।

नागरिकों का यह भी कहना है कि कुछ समय पहले माननीय पुलिस अधीक्षक (SP) श्री यतीश देशमुख ने जिले में अवैध धंधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का संदेश दिया था। ऐसे में लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि यदि कहीं भी अवैध कारोबार जारी है, तो उस पर संबंधित अधिकारी कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं? नागरिकों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाई जाए और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर भी उचित कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही नागरिकों ने अन्न एवं औषध प्रशासन (FDA) से भी अपील की है कि प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों, नशे में दुरुपयोग होने वाली दवाओं तथा अन्य अवैध पदार्थों की बिक्री पर विशेष अभियान चलाया जाए। लोगों का कहना है कि कुछ नशीले पदार्थ और दवाएं अब एजेंटों के माध्यम से युवाओं तक पहुंचने की चर्चा है। यदि इस पर समय रहते रोक नहीं लगी, तो समस्या और गंभीर हो सकती है।नागरिकों ने यह भी ध्यान दिलाया है कि बीयर शॉप और बीयर बार को अपने लाइसेंस की शर्तों का पालन करना चाहिए। यदि कोई प्रतिष्ठान निर्धारित समय के बाद भी संचालित हो रहा है, तो संबंधित विभाग उसकी जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करे।

पालघर नागरिक की ओर से माननीय पुलिस अधीक्षक श्री यतीश देशमुख, जिला प्रशासन, अन्न एवं औषध प्रशासन तथा संबंधित विभागों से विनम्र अनुरोध है कि इन सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि कहीं भी कानून का उल्लंघन या अवैध गतिविधियां पाई जाती हैं, तो दोषियों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।”नशामुक्त पालघर – सुरक्षित भविष्य” केवल एक नारा नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। आज यदि प्रभावी कदम उठाए गए, तो आने वाली पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सकता है।

 

✍️ जावेद लुलानिया

संपादक – पालघर नागरिक (PN24 News)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *