ठळक बातम्या

पालघर में हज 2026 के हाजियों के लिए सफल टीकाकरण व प्रशिक्षण शिविर आयोजित

पालघर में हज 2026 के हाजियों के लिए सफल टीकाकरण व प्रशिक्षण शिविर आयोजित

पालघर:
पालघर ज़िले से हज 2026 पर जाने वाले 272 हाजियों के लिए 3 व 4 फ़रवरी 2026 को रूरल / पीएचसी हॉस्पिटल, पालघर में हज टीकाकरण (Vaccination) शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर हज कमेटी की देखरेख में तथा सुन्नी जमा मस्जिद ट्रस्ट (SJMT), पालघर के सहयोग से संपन्न हुआ।

हज कमेटी के प्रशिक्षक एडवोकेट जावेद साहब, एडवोकेट शौकत साहब, डॉक्टर योगेश एवं हाजी फ़रीद लुलानिया द्वारा 31 जनवरी को सुन्नी जमा मस्जिद ट्रस्ट के चीफ ट्रस्टी हाजी रफ़ीक़ लुलानिया से संपर्क कर हाजियों के रजिस्ट्रेशन, ठहरने, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं का अनुरोध किया गया था। सीमित समय के बावजूद चीफ ट्रस्टी हाजी रफ़ीक़ लुलानिया एवं ट्रस्ट के सभी ट्रस्टियों ने इस ज़िम्मेदारी को स्वीकार करते हुए संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित की।

ट्रस्ट की ओर से सभी 272 हाजियों के लिए सुबह चाय-नाश्ता एवं दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए 6 लैपटॉप के साथ पुरुष व महिला ऑपरेटर्स तैनात किए गए। हाजियों को टोकन देकर 20-20 के समूह में व्यवस्थित रूप से रजिस्ट्रेशन कर रूरल हॉस्पिटल भेजा गया।रूरल हॉस्पिटल में डॉ. मराड सर के मार्गदर्शन में डॉ. योगेश सुरालकर, डॉ. मेहताब खान, डॉ. नैना सोनावणे, नम्रता, नम्रता ठोंबरे तथा नर्सिंग स्टाफ ने अत्यंत अनुशासन और सावधानी के साथ टीकाकरण प्रक्रिया को अंजाम दिया। यह पूरा टीकाकरण शिविर शाम 4 बजे तक सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ।

टीकाकरण के पश्चात सुन्नी जमा मस्जिद ट्रस्ट की ओर से रूरल हॉस्पिटल के सभी डॉक्टरों एवं नर्सिंग स्टाफ का सत्कार एवं आभार व्यक्त किया गया। यह सम्मान चीफ ट्रस्टी हाजी रफ़ीक़ लुलानिया और हाजी फ़रीद लुलानिया के हाथों किया गया। इस अवसर पर डॉक्टरों की निस्वार्थ सेवाओं की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई।

इसके साथ-साथ सुन्नी जमा मस्जिद हॉल, पालघर में हाजियों के लिए हज प्रशिक्षण (Haj Training) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुरुष हाजियों के लिए मस्जिद के मुख्य हरम हॉल में मुंबई से तशरीफ़ लाए मुफ़्ती मोहम्मद रईसुल क़ादरी बरकाती साहब ने बैनर, मॉडल एवं प्रेज़ेंटेशन के माध्यम से प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर चीफ ट्रस्टी हाजी रफ़ीक़ लुलानिया ने सभी हाजियों का फूलों से स्वागत किया तथा प्रशिक्षण के बाद सभी हाजियों को तोहफ़े के रूप में जायनमाज़, इत्र, तस्बीह, टोपी एवं “रफ़ीक़-ए-हज” पुस्तक का किट वितरित किया।

महिला हाजियों के लिए मस्जिद के हॉल में अलग से प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई, जहाँ आलिमा द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सभी हाजियों के लिए नाश्ता, चाय एवं दोपहर का भोजन उपलब्ध रहा।

इस संपूर्ण आयोजन में स्थानीय समाज का उल्लेखनीय सहयोग रहा। गौसिया इस्लामिक के चेयरमैन अज़हरुल क़ादरी ने अपने 25 विद्यार्थियों के साथ पूरे दिन सेवाएं दीं। सुन्नी दावत-ए-इस्लामी के हामिद भाई, शाहिद भाई, असलम भाई व उनकी टीम, हनीफ़ भाई धड़ा, अब्दुल क़ादिर मेमन, यासीन दलाल सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता सक्रिय रहे। कार्यक्रम में सुन्नी जमा मस्जिद के सभी ट्रस्टी — हाजी हनीफ़ लुलानिया, हाजी क़ादिर धनानी, हाजी मूसा लुलानिया — तथा लायंस क्लब के अध्यक्ष जावेद धनानी भी उपस्थित रहे।

 

इस पूरे टीकाकरण शिविर में पूर्व नगरसेवक एवं भिवंडी तंजीम के पालघर ज़ोन अध्यक्ष हाजी फ़रीद लुलानिया का विशेष योगदान एवं उत्कृष्ट समन्वय रहा।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अल्लाह के घर के मेहमानों की सेवा का यह सौभाग्य सभी के लिए गर्व की बात है। हाजियों ने भी व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए आयोजन समिति का आभार प्रकट किया।

— सुन्नी जमा मस्जिद ट्रस्ट, पालघर
चीफ ट्रस्टी: हाजी रफ़ीक़ लुलानिय!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *