ठाणे पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियारों का जखीरा बरामद, सराईत आरोपी गिरफ्तार
ठाणे | प्रतिनिधि
ठाणे शहर पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-3, कल्याण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों का जखीरा रखने और उनकी तस्करी करने वाले एक सराईत आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुरेंद्र पांडुरंग पाटिल (उम्र 44 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पहले से ही कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
पुलिस को गुप्त जानकारी मिलने के बाद आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की गई, जहां से 3 देशी पिस्टल, 1 सिक्सर रिवॉल्वर, 7 जिंदा कारतूस, 2 एयर गन, 2 तलवार, 3 लोहे के कोयते, 1 धारदार चाकू, 1 बटन चाकू, लोहे की रॉड सहित कई घातक हथियार बरामद किए गए। इसके साथ ही करीब 3.52 लाख रुपये की नकदी और बड़ी मात्रा में पुराने व नए नोट भी जब्त किए गए। कुल मिलाकर लगभग 12.21 लाख रुपये का माल पुलिस ने जब्त किया है।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ मानपाडा पुलिस स्टेशन में भारतीय शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई गंभीर अपराध दर्ज हैं, जिससे वह एक सराईत अपराधी माना जाता है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त, ठाणे शहर के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच टीम द्वारा की गई। पुलिस ने बताया कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



