ठळक बातम्या

लोडिंग के दौरान ट्रक चालक की दर्दनाक मौत, कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

लोडिंग के दौरान ट्रक चालक की दर्दनाक मौत, कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

📍पालघर / बोईसर 

पालघर जिले के तारापुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित विराज प्रोफाइल कंपनी में लोडिंग के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। इस घटना के बाद कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मृतक की पहचान हरिशंकर दुबे (40 वर्ष) निवासी बोईसर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कंपनी परिसर में ट्रक में भारी स्टील सामग्री लोड की जा रही थी। इसी दौरान क्रेन से लोडिंग का कार्य चल रहा था। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, लोडिंग प्रक्रिया के समय अचानक ट्रक को जोरदार झटका लगा, जिससे हरिशंकर दुबे का संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर पड़े। इसी दौरान भारी धातु की नुकीली सामग्री उनके पेट में घुस गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बोईसर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।इस दुर्घटना के बाद यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या कंपनी में भारी सामग्री की लोडिंग के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरण, प्रशिक्षित कर्मचारी और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जा रहा था? औद्योगिक क्षेत्रों में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच की मांग की जा रही है।

बोईसर पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित कंपनी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

जाग महाराष्ट्र न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *