पालघर-मनोर रोड पर यातायात व्यवस्था ध्वस्त! अवैध पार्किंग, ओवरसीट टैक्सियां और अतिक्रमण से जनता बेहाल, प्रशासन कब करेगा कार्रवाई?
पालघर | विशेष रिपोर्ट
पालघर-मनोर रोड स्थित मारुति धाम के सामने सड़क किनारे टैक्सियों की लंबी कतारों के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि दुकानों के सामने सड़क पर टैक्सियां खड़ी रहने से ग्राहकों के लिए पार्किंग की जगह नहीं बचती और पूरे क्षेत्र में दिनभर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है।


9 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 10:30 बजे इसी स्थान पर एक टैक्सी द्वारा कथित रूप से लापरवाही से ओवरटेक करने के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार दुर्घटना का शिकार हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई टैक्सी चालक कहीं भी वाहन रोक देते हैं, बीच सड़क से सवारी बैठाते-उतारते हैं और क्षमता से अधिक यात्रियों को लेकर चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। नागरिकों का कहना है कि कई टैक्सियां और अन्य वाहन यहां लंबे समय तक सड़क पर खड़े रहते हैं। यदि यह स्टैंड अधिकृत नहीं है, तो संबंधित विभाग इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करे। नागरिक यह भी मांग कर रहे हैं कि सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण हटाया जाए ताकि व्यापारियों, ग्राहकों और आम जनता को राहत मिल सके।

नागरिकों ने पालघर ट्रैफिक पुलिस, पालघर पुलिस स्टेशन, पालघर नगर परिषद और RTO विभाग से मांग की है कि इस पूरे क्षेत्र में संयुक्त विशेष अभियान चलाकर अवैध पार्किंग, ओवरसीट वाहन, यातायात नियमों के उल्लंघन और सड़क पर अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सार्वजनिक सड़कें आम जनता के सुरक्षित आवागमन के लिए उपलब्ध रहें।
NH-48 Information Group और पालघर नागरिक इस मुद्दे से जुड़े फोटो और वीडियो के माध्यम से सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विषयों को लगातार जनता और प्रशासन के सामने उठाते रहेंगे।
जाग महाराष्ट्र न्यूज
जावेद मजीद लुलानिया
संपादक – पालघर नागरिक
संस्थापक – NH-48 Information Group
जिलाध्यक्ष – नव भारतीय शिव वाहतूक सेना, पालघर जिला



