मुंबई दहली: लाइव कॉन्सर्ट में ड्रग्स ओवरडोज से 2 छात्रों की मौत, कई की हालत गंभीर
मुंबई | प्रतिनिधि
मुंबई के गोरेगांव इलाके में आयोजित एक लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान ड्रग्स के ओवरडोज से दो छात्रों की मौत होने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इस कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ युवाओं ने नशे का सेवन किया, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल को आयोजित इस कॉन्सर्ट में करीब 3 से 4 हजार युवाओं की भीड़ थी। कार्यक्रम के दौरान अत्यधिक शराब और ड्रग्स के सेवन के कारण कई लोगों की हालत खराब हो गई। गंभीर स्थिति में कुछ युवाओं को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। एक युवक को गोरेगांव पश्चिम के लाइफ लाइन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं दो युवतियों को जोगेश्वरी स्थित हिंदू हृदय सम्राट बाळासाहेब ठाकरे ट्रामा केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवती की मौत हो गई, जबकि दूसरी की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।
इस मामले में वनराई पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। मृतकों के खून के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस घटना से पूरे मुंबई में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।



